दिल की बीमारियों से बचने के लिए बेस्ट नट है अखरोट, आंतों में बढ़ाता है गुड बैक्टीरिया

अखरोट एक ऐसा नट है, जिसे सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। अखरोटे के सेवन से दिल की बीमारियां दूर रहती हैं और दिमाग तेज होता है, ये बात तो आप शायद पहले से जानते हैं। मगर क्या आप जानते हैं कि अखरोट आपके पेट के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है? नए अध्ययन के अनुसार अखरोट खाने से कार्डियक हेल्थ (दिल की सेहत) तो दुरुस्त रहता ही है, साथ ही ये आंतों और पेट को भी बहुत फायदा पहुंचाता है।






50-80 ग्राम अखरोट रोजाना खाना है फायदेमंद


इस अध्ययन को Journal of Nutrition में छापा गया है। अध्ययन की प्रमुख लेखिका और यूएस के Pennsylvania State University की Kristina Petersen कहती हैं, "वैज्ञानिक अध्ययन बताते हैं कि डाइट में थोड़ा सा बदलाव करने से सेहत को बड़े लाभ मिल सकते हैं। रोजाना 2-3 औंस (50-80 ग्राम) अखरोट का सेवन करने से पेट को स्वस्थ रखा जा सकता है और दिल की बीमारियों से बचा जा सकता है।" इसके पहले के कई अध्ययनों में भी पाया गया है कि सैचुरेटेड फैट वाले आहार कम खाने और अखरोट का सेवन बढ़ाने से आप दिल की बीमारियों से बच सकते हैं।


सुबह या शाम कभी भी खाएं अखरोट


अखरोट को आप स्नैक्स के समय खा सकते हैं। आमतौर पर जब आपको सुबह के नाश्ते के 2 घंटे बाद या दोपहर के खाने के 2-3 घंटे बाद- यानी शाम को भूख लगती है- तो आप अखरोट को खा सकते हैं। अखरोट के साथ-साथ बादाम, पिस्ता और मूंगफली भी बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। अगर आपको कुछ नमक वाली चीज खाना अच्छा लगता है, तो आप सुबह या शाम के स्नैक्स में बुने हुए चने ले सकते हैं। ये सभी आपकी सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।


दिल के लिए क्यों फायदेमंद हैं अखरोट?


अखरोट में मोनोसैचुरेटेड फैट, पॉलीसैचुरेटेड फैट और ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा अच्छी होती है। इसके अलावा ये प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत होते हैं। ये तीनों ही तत्व आपके शरीर में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल (LDL Cholesterol), जिसे बैड कोलेस्ट्रॉल (Bad Cholesterol) भी कहते हैं, की मात्रा कम करते हैं। इसलिए इन्हें दिल के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। अध्ययन बताते हैं कि इनके सेवन से कार्डियोवस्कुलर बीमारियां जैसे स्ट्रोक, हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट आदि की संभावना कम हो जाती है।


बढ़ाता है पेट के गुड बैक्टीरिया


Petersen आगे कहती हैं, "अगर आप स्नैक्स के समय अनहेल्दी चीजें खाते हैं, तो इसकी जगह हेल्दी नट्स (बादाम, अखरोट) का सेवन शुरू कर दीजिए। ये छोटा सा बदलाव आपकी सेहत को बहुत फायदा पहुंचाएगा।" इस शोध में पाया गया है कि अकरोट का सेवन से आंतों में मौजूद बैक्टीरिया (bacteria in the gastrointestinal tract), जिन्हें कुछ लोग गट माइक्रोबायोम (gut microbiome) भी कहते हैं, में काफी परिवर्तन आता है, जिसके कारण दिल की सेहत सुधरती है। इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने 30 से 65 साल की उम्र के 42 लोगों को चुना था, जो मोटापे का शिकार थे और जिन्हें भविष्य में हार्ट संबंधी बीमारियों की प्रबल आशंका थी।